
गैपुरा में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित कंटेनर ने पिता-पुत्र को रौंदा, दोनों की मौके पर मौत
मीरजापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में अनियंत्रित कंटेनर सड़क किनारे सो रहे पिता-पुत्र को रौंदते हुए एक मकान में जा घुसा। हादसे में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। कंटेनर की टक्कर से मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क के डिवाइडर पर पर्याप्त इंडिकेटर, रिफ्लेक्टर और सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि यदि आवश्यक चेतावनी संकेत लगाए गए होते तो दुर्घटना टाली जा सकती थी।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
मिर्जापुर पुलिस के मुताबिक आज दिनांकः30.07.2026 को समय करीब 03:00 बजे थाना विन्ध्याचल के पुलिस चौकी गैपुरा क्षेत्रान्तर्गत कलना गहरवार के पास प्रयागराज की तरफ से आ रहे सीमेंट कंटेनर वाहन संख्या MP 19ZQ9901 के अनियंत्रित होकर घर में घुस कर पलट जाने के कारण चारपाई पर सो रहे शिव प्रसाद गुप्ता पुत्र गंगा प्रसाद गुप्ता निवासी कलना गहरवार थाना विन्ध्याचल जनपद मीरजापुर, उम्र करीब-45 वर्ष की मौके ही मृत्यु हो गयी तथा रोहित पुत्र शिव प्रसाद गुप्ता उम्र करीब-13 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया ।
सूचना पर थाना विन्ध्याचल पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर घायल रोहित उपरोक्त को इलाज हेतु एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां इलाज के दौरान मृत्यु हो गयी । थाना विन्ध्याचल पुलिस द्वारा दोनों मृतको के शवों को पोस्टमार्टम हेतु भेजवाया गया तथा परिजन द्वारा प्राप्त तहरीर के आधार पर समुचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर तथा सम्बन्धित वाहन को कब्जा पुलिस में लेकर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा है ।
मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर, उपजिलाधिकारी सदर मय पर्याप्त पुलिस बल मौजूद है, आवागमन सूचनारू रूप से संचालित है ।















