
डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल में गुरु पूर्णिमा पर भव्य सत्संग एवं गुरु पूजा
मीरजापुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल की लोहिया तालाब शाखा में भव्य सत्संग एवं गुरु पूजा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व से परिचित कराना तथा आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु पूजा से हुआ, जो आर्ट ऑफ लिविंग के फैकल्टी एवं राष्ट्रीय समन्वयक बालकृष्ण यादव के सानिध्य में संपन्न हुई। इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका अपराजिता सिंह भी उपस्थित रहीं। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने ध्यान, योग और विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया।
सत्संग के दौरान गुरु के महत्व, जीवन में अनुशासन, संस्कारों और सकारात्मक सोच पर विस्तार से विचार साझा किए गए। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव हुआ।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। अंत में गुरु कृपा का आशीर्वाद प्राप्त करने के पश्चात सभी को प्रसाद वितरित किया गया और कार्यक्रम का समापन हुआ।
















