गुरु पूर्णिमा के अवसर पर एपेक्स ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर आयोजित

*गुरु पूर्णिमा के अवसर पर एपेक्स ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर आयोजित, 843 लोगों ने लिया लाभ*

चुनार, मिर्जापुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर एपेक्स वेलकेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित एपेक्स ट्रस्ट हॉस्पिटल एंड डायग्नोस्टिक, चुनार की ओर से ट्रस्टी एवं वरिष्ठ स्पाइन सर्जन प्रो. डॉ. एस. के. सिंह के नेतृत्व में स्वामी अड़गड़ानंद महाराज आश्रम, सक्तेशगढ़, मिर्जापुर तथा सतुआ बाबा आश्रम, सागर सेमर, डगमगपुर, मिर्जापुर में निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में श्रद्धालुओं एवं ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों के लिए निःशुल्क रक्तचाप (बीपी), शुगर, वजन एवं नेत्र परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही बुजुर्गों, महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों को उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श एवं आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इस अवसर पर क्रिटिकल केयर एवं पेन मैनेजमेंट विशेषज्ञ डॉ. विनीत ओझा, डॉ. गौरी चौहान (कायचिकित्सा), डॉ. निलेश दुबे (शल्य तंत्र), डॉ. शुभम (मेडिकल ऑफिसर), ऑप्टोमेट्रिस्ट करन एवं राम प्रकाश ने अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
दोनों शिविरों में कुल 843 लोगों ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय ग्रामीणों की सहभागिता रही।
शिविर का संयोजन प्रबंधक नवीन सिंह तथा पीआरओ देवेंद्र एवं प्रवीण द्वारा किया गया। शिविर के सफल संचालन में अस्पताल के चिकित्सकों, नेत्र विशेषज्ञों, मेडिकल ऑफिसर्स तथा एपेक्स के आयुर्वेद, फार्मेसी, पैरामेडिकल एवं नर्सिंग शिक्षण संस्थानों के संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों का उल्लेखनीय सहयोग रहा।
इस अवसर पर ट्रस्टी एवं वरिष्ठ स्पाइन सर्जन प्रो. डॉ. एस. के. सिंह ने कहा कि एपेक्स वेलकेयर ट्रस्ट समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्यरत है। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर सेवा, समर्पण एवं जनकल्याण की भावना का प्रतीक है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें