मीरजापुर में 15 लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

15 लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

मिर्जापुर। मिर्जापुर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने थाना चिल्ह क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से लगभग 15 लाख रुपये मूल्य की 2704 बोतल (करीब 520 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान बिहार के दो अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में थाना चिल्ह पुलिस तथा आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम पुराना बाड़ा के पास पिकअप वाहन (UP 65 RT 2856) को रोककर तलाशी ली। वाहन से 1870 बोतल आफ्टर डार्क ब्लू (180 एमएल), 775 बोतल मैजिक मूवमेंट जामुन स्पाइसी मिंट (180 एमएल), 8 बोतल रॉयल स्टैग (750 एमएल) तथा 51 बोतल मैजिक मूवमेंट ऑरेंज एवं ग्रीन एप्पल (750 एमएल) बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के अरवल जनपद निवासी अमित कुमार सिन्हा (36) और जैकी कुमार (30) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे मध्य प्रदेश के मऊगंज (सीधी क्षेत्र) से अवैध शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचते थे। इस बार भी शराब छिपाकर बिहार ले जाई जा रही थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

इस मामले में थाना चिल्ह पर आबकारी अधिनियम की धारा 60, 63 एवं 72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें