
मिर्जापुर। एस.एन. फाउंडेशन की ओर से 4 व 5 जुलाई को दो दिवसीय “वन महोत्सव” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में यूथ पीस फाउंडेशन के 100 से अधिक स्वयंसेवकों के साथ नवोदय विद्यालय के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं प्रधानाचार्य ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने जुलाई माह में एक हजार से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
समारोह में उप जिलाधिकारी अलेखा सिंह, तहसीलदार राहुल मिश्रा, नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेंद्र प्रसाद त्रिपाठी तथा उपप्रधानाचार्य संजय सिंह सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
आयोजकों ने बताया कि वन महोत्सव का उद्देश्य लोगों को जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और जैव विविधता संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा सभी छात्रों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। वक्ताओं ने “पेड़ लगाओ, धरती बचाओ” का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।















