
नाबालिग को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोपित गिरफ्तार, 38 लोगों पर शांति भंग की कार्रवाई

मिर्जापुर। राजगढ़ थाना पुलिस ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार पीड़िता की मां की तहरीर पर थाना राजगढ़ में भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 तथा पाक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन एवं क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक बालमुकुन्द मिश्रा की टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपित भल्लू उर्फ विजय कुमार निवासी सेमरा बरहो, थाना राजगढ़ को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया।

वहीं, जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत 38 व्यक्तियों का चालान किया। थाना कोतवाली शहर से छह, विंध्याचल से चार, पड़री से छह, चिल्ह से दो, कछवां से एक, अदलहाट से एक, जमालपुर से दो, लालगंज से छह, हलिया से दो, ड्रमंडगंज से दो, अहरौरा से चार तथा मड़िहान से दो व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई।















