ऑपरेशन मजनू के तहत मिर्जापुर पुलिस की कार्रवाई, तीन शोहदे गिरफ्तार

ऑपरेशन मजनू के तहत मिर्जापुर पुलिस की कार्रवाई, तीन शोहदे गिरफ्तार

मिर्जापुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत मिर्जापुर पुलिस ने विशेष अभियान “ऑपरेशन मजनू” के अंतर्गत मंगलवार को तीन शोहदों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की है।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर 25 जुलाई से 8 अगस्त तक चल रहे 15 दिवसीय विशेष अभियान के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में महिला स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर एंटी रोमियो और मिशन शक्ति टीमों द्वारा सघन चेकिंग की जा रही है।

इसी क्रम में मंगलवार को स्कूलों और कॉलेजों के आसपास अभियान चलाकर तीन शोहदों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध धारा 296 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में कछवा थाना क्षेत्र के कटका निवासी आशीष उर्फ धोनी, तथा राजगढ़ थाना क्षेत्र के खोरारीडीह चंदनपुर निवासी रोशन पाल और शिवम पाल शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा सुनिश्चित करने के लिए मिशन शक्ति एवं ऑपरेशन मजनू के तहत ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें