
गुरु पूर्णिमा पर सक्तेशगढ़ में 10 से 12 लाख श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना, पुलिस ने की सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
मिर्जापुर। थाना चुनार क्षेत्र स्थित श्री परमहंस आश्रम, सक्तेशगढ़ में 29 जुलाई को आयोजित होने वाले गुरु पूर्णिमा महापर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। उत्तर प्रदेश सहित राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार समेत विभिन्न राज्यों से लगभग 10 से 12 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में पूरे मेला क्षेत्र को 5 जोन और 14 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की निगरानी में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, पीएसी और यातायात पुलिस की तैनाती की गई है। आश्रम परिसर, दर्शन मार्ग, भंडारा स्थल, पार्किंग, प्रमुख संपर्क मार्गों तथा सिद्धनाथ दरी क्षेत्र सहित सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पूरे मेला क्षेत्र की अत्याधुनिक ड्रोन कैमरों से लगातार हवाई निगरानी की जा रही है। आश्रम परिसर, दर्शन मार्ग, पार्किंग, पर्यटक स्थलों, जलप्रपात, दरी, झरनों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से की जा रही है। ड्रोन से प्राप्त लाइव फीड के आधार पर वरिष्ठ अधिकारी प्रत्येक गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं,
ताकि किसी भी आपात, संदिग्ध या अव्यवस्थित स्थिति में पुलिस एवं प्रशासन की टीम तत्काल कार्रवाई कर सके।















