
गाड़ी चढ़ाकर हत्या के प्रयास के आरोप में अभियुक्त गिरफ्तार, प्रयुक्त कार सीज
मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर कार से कुचलकर हत्या का प्रयास करने के आरोप में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना में प्रयुक्त कार को भी बरामद कर सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार फतहां निवासी विजय कुमार गुप्ता ने 15 जून को थाना विंध्याचल में तहरीर देकर आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते नामजद अभियुक्त ने उन पर कार चढ़ाकर हत्या का प्रयास किया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 156/2026 में धारा 109 एवं 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के निर्देशन में विंध्याचल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर नामजद अभियुक्त आशीष मिश्रा निवासी चड़ईचा, थाना जिगना को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार संख्या यूपी 63 एज़ेड 8945 को बरामद कर सीज कर दिया। गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध विभिन्न थानों में मारपीट, धमकी, साहूकारी अधिनियम तथा अन्य धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है।











