
चोरी के गहनों के साथ वांछित आरोपी गिरफ्तार, देहात पुलिस ने किया खुलासा
मीरजापुर। थाना कोतवाली देहात पुलिस ने चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के सफेद धातु के आभूषण बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के बहोरना निवासी अनिल कुमार ने 17 अप्रैल 2026 को अपनी दुकान से गहने चोरी होने की तहरीर दी थी। शिकायत के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात के नेतृत्व में टीम गठित कर मामले की जांच तेज की गई। इसी क्रम में सोमवार को गुरसण्डी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेश कुमार सिंह व पुलिस टीम ने प्रकाश में आए आरोपी अनिल धरिकार पुत्र छोटक धरिकार, निवासी तेंदुआ खुर्द, थाना लालगंज को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी के 01 जोड़ी पाजेब, 01 हाफ करधनी, 01 हाथ की पललानी, 01 जुड़ा पिन, 01 सिकड़ी, 11 पायल, 05 जोड़ी नई पायल, 01 जुड़ा रिंग तथा 02 बिछुआ सहित सफेद धातु के अन्य आभूषण बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।









