
08 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मीरजापुर दौरा, मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के साथ अधिकारियों संग करेंगे समीक्षा बैठक
मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 08 जुलाई (बुधवार) को मीरजापुर जनपद का प्रस्तावित दौरा तय हो गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन-पूजन करेंगे तथा विंध्याचल मंडल में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के साथ नए कार्यों की कार्ययोजना पर अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
जारी मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11:10 बजे वाराणसी पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड से राजकीय हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान करेंगे और 11:30 बजे विंध्याचल हेलीपैड, मीरजापुर पहुंचेंगे। इसके बाद 11:35 बजे मां विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे। मंदिर परिसर में 11:35 बजे से 11:55 बजे तक का समय आरक्षित रखा गया है।
इसके बाद मुख्यमंत्री 11:55 बजे मंदिर से प्रस्थान कर 12:05 बजे अष्टभुजा अतिथि गृह पहुंचेंगे। यहां दोपहर 12:05 बजे से 1:00 बजे तक विंध्याचल मंडल के लोक निर्माण विभाग के पुराने कार्यों की समीक्षा करेंगे तथा नए विकास कार्यों की कार्ययोजना के संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
दोपहर 1:00 बजे से 1:30 बजे तक का समय आरक्षित रखा गया है। इसके बाद मुख्यमंत्री 1:30 बजे अष्टभुजा अतिथि गृह से प्रस्थान कर 1:40 बजे विंध्याचल हेलीपैड पहुंचेंगे और वहीं से राजकीय हेलीकॉप्टर द्वारा वाराणसी के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।











