
मिर्जापुर में यातायात माह नवंबर का शुभारंभ, डीएम और एसपी ने दिखाई चेतना रैली को हरी झंडी
मिर्जापुर। पुलिस लाइन स्थित मां विंध्यवासिनी सभागार में रविवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया। इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। पुलिस अधीक्षक ने जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की गई।
इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने यातायात जागरूकता चेतना रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, पीएसी बैंड पार्टी और पुलिसकर्मी शामिल रहे।
यातायात माह के दौरान जनपद के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग, निबंध लेखन सहित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। यातायात जागरूकता चेतना रथ भी जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करेगा।















