
जिला स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में बजाज स्कूल के विद्यार्थियों ने हासिल किया तृतीय स्थान
80 विज्ञान मॉडलों के बीच बजाज स्कूल के विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, विद्यालय परिवार में खुशी की लहर
मीरजापुर। जिला स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में बजाज स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि से विद्यालय का गौरव बढ़ा है।
जिला शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 80 विज्ञान मॉडलों ने प्रतिभाग किया। इसमें बजाज स्कूल के कक्षा 11 के विद्यार्थियों अंशिका केशरी, शौर्य सिंह एवं प्रियांशु मौर्य द्वारा प्रस्तुत मॉडल ने निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया और प्रतियोगिता में शीर्ष तीन स्थानों में जगह बनाई।
विद्यार्थियों की इस सफलता के पीछे उनकी मेहनत, लगन, नवाचार और टीम भावना के साथ ही मार्गदर्शक शिक्षकों का कुशल निर्देशन भी महत्वपूर्ण रहा। अभिभावकों के निरंतर सहयोग एवं प्रोत्साहन ने भी इस उपलब्धि में अहम भूमिका निभाई।
विद्यार्थियों की सफलता पर विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही मार्गदर्शक शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और सृजनात्मक प्रतिभा विकसित करना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस तरह की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी नई सोच और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।















