
मतदाता सूची में एक भी पात्र नागरिक का नाम छूटा तो होगी चूक! निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
युवा और महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और छात्रावासों में लगेंगे विशेष शिविर
मीरजापुर, 20 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के आयुक्त विवेक जोशी ने शुक्रवार को अष्टभुजा निरीक्षण गृह के सभागार में निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मतदाता सूची शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए विशेष अभियान चलाकर युवा एवं महिला मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाए।
समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल राजेश प्रकाश, उप पुलिस महानिरीक्षक पूनम, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार सिंह सहित विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के आरओ एवं ईआरओ उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने निर्वाचन प्रक्रिया के तहत चल रहे कार्यों, जनपद की सामान्य जानकारी, विधानसभावार ईपी रेशियो, जेंडर रेशियो एवं अन्य निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी। वहीं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कानून व्यवस्था की स्थिति से निर्वाचन आयुक्त को अवगत कराया।
निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराना सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। निर्वाचन कार्य में लगे सभी कार्मिक पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि मतदान निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
युवा मतदाताओं को जोड़ने के लिए कॉलेजों में लगेंगे कैंप
उन्होंने निर्देश दिया कि महाविद्यालयों, छात्रावासों, कोचिंग संस्थानों तथा भर्ती रैलियों में विशेष शिविर लगाकर युवाओं से फार्म-6 भरवाया जाए और उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाए। मतदाता जागरूकता अभियान को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर भी जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक मतदाता बन सकें।
महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने पर विशेष जोर
जेंडर रेशियो की समीक्षा करते हुए निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में महिला मतदाताओं का अनुपात कम है, वहां विशेष अभियान चलाया जाए। पात्र महिलाओं से फार्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराया जाए। इस अभियान में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का भी सहयोग लेने के निर्देश दिए।
उन्होंने फार्म-8 के माध्यम से मतदाता सूची में संशोधन संबंधी कार्यों की लगातार निगरानी करने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
मतदान कार्मिकों का गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण अनिवार्य
निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए मतदान कार्मिकों का गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण बेहद जरूरी है। कार्मिकों को जितना बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा, निर्वाचन प्रक्रिया उतनी ही सुगमता से संपन्न होगी। उन्होंने मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि एक बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता न हों तथा प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदान कार्मिकों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने संवेदनशील मतदान केंद्रों के चिन्हीकरण एवं कानून व्यवस्था की भी जानकारी ली। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समय-समय पर बैठक कर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों से उन्हें अवगत कराने को कहा।
बैठक के अंत में मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने निर्वाचन आयुक्त को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन कराया जाएगा तथा निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए धर्मजीत सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, उप जिलाधिकारी सदर महेंद्र सिंह सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।













