लोक गायिका ऊषा गुप्ता, पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव और निधि पटेल बनीं मतदाता जागरूकता आइकन

लोक गायिका ऊषा गुप्ता, पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव और निधि पटेल बनीं मतदाता जागरूकता आइकन

मीरजापुर, 19 नवंबर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों और मतदाता जागरूकता अभियान को गति देने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार गंगवार ने जनपद की तीन प्रतिष्ठित महिलाओं को मतदाता जागरूकता आइकन नियुक्त किया है। इनमें अंतरराष्ट्रीय लोकगीत एवं कजली गायिका ऊषा गुप्ता, पद्मश्री सम्मानित लोकगायिका उर्मिला श्रीवास्तव और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं पावर लिफ्टिंग प्रशिक्षिका निधि पटेल शामिल हैं।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार गंगवार ने अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर चल रहे विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण तथा आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत यह नियुक्ति की है।

भारत निर्वाचन आयोग की स्वीप योजना (सिस्टेमेटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) के तहत तीनों आइकन मतदाताओं को जागरूक करने, नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कार्य करेंगी।

निधि पटेल को जनपद स्वीप आइकन, पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव को लोकगायिका आइकन तथा ऊषा गुप्ता को दिव्यांग आइकन नियुक्त किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि तीनों अपने-अपने क्षेत्र में उपलब्धियों और सामाजिक प्रभाव के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रेरित करेंगी। इस पहल का उद्देश्य आगामी चुनाव में अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना और लोकतंत्र को मजबूत बनाना है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें