घर से नाराज होकर सूरत जा रही दो नाबालिग बहनों को RPF ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर घर से नाराज होकर सूरत जा रही दो नाबालिग बहनों को RPF ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

ऑपरेशन ‘नन्हे फरिश्ते’ के तहत कार्रवाई, चाइल्ड हेल्प डेस्क को सौंपा गया दोनों बच्चियों का संरक्षण

मिर्जापुर। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन ‘नन्हे फरिश्ते’ के तहत मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर घर से नाराज होकर निकलीं दो नाबालिग बहनों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। दोनों बहनें सूरत जाने के लिए स्टेशन पहुंची थीं। समय रहते रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने उन्हें पहचानकर सुरक्षित संरक्षण में लिया और चाइल्ड हेल्प डेस्क के सुपुर्द करने की प्रक्रिया पूरी की।

बुधवार, 18 नवंबर को सुबह करीब 8:20 बजे रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट मिर्जापुर के उप निरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय एवं कांस्टेबल प्रदीप कुमार पाल रेलवे चाइल्ड लाइन की टीम के साथ स्टेशन परिसर में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बुकिंग कार्यालय के पास दो नाबालिग बालिकाएं संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिलीं। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे बहनें हैं और घर से नाराज होकर सूरत जाने के लिए निकली हैं।

रेलवे सुरक्षा बल की टीम दोनों बच्चियों को पोस्ट मिर्जापुर लेकर गई, जहां सहानुभूतिपूर्वक बातचीत कर आवश्यक जानकारी जुटाई गई। इसके बाद दोनों को सुरक्षित संरक्षण एवं उचित देखभाल के लिए चाइल्ड हेल्प डेस्क, मिर्जापुर के प्रतिनिधियों को सौंपने की कार्रवाई की गई।

### 573 बच्चों को 10 माह में कराया गया सुरक्षित रेस्क्यू

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘नन्हे फरिश्ते’ के अंतर्गत प्रयागराज मंडल में जनवरी से अक्टूबर 2026 तक कुल 573 बच्चों को रेस्क्यू किया गया। इन बच्चों को उनके परिजनों, स्वयंसेवी संस्थाओं (NGO) एवं बाल कल्याण समिति (CWC) के सुपुर्द किया गया।

रेलवे स्टेशनों, रेलगाड़ियों एवं रेलवे परिसर में देखभाल और संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने तथा उचित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहा है।

उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल ने यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ संकट में पहुंचे बच्चों की सुरक्षा, सहायता एवं संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें