पक्के घाट की कलाकृति और ऐतिहासिक विरासत को निहारते रहे डीएम-एसपी, बारीकी से किया स्थल निरीक्षण

पक्के घाट की कलाकृति और ऐतिहासिक विरासत को निहारते रहे डीएम-एसपी, बारीकी से किया स्थल निरीक्षण

मीरजापुर। नगर के प्रसिद्ध ऐतिहासिक पक्के घाट पर छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने केवल व्यवस्थाओं का ही निरीक्षण नहीं किया, बल्कि घाट की ऐतिहासिक कलाकृतियों और स्थापत्य कला को भी बेहद बारीकी से निहारा।

दोनों वरिष्ठ अधिकारियों को पक्के घाट की भव्यता, उसकी कलात्मक बनावट और मीरजापुर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को करीब से देखते हुए पाया गया। घाट के विभिन्न हिस्सों का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए वे इसकी ऐतिहासिक महत्ता और निर्माण शैली से भी रूबरू होते नजर आए।

पक्का घाट केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि मीरजापुर के गौरवशाली इतिहास और स्थापत्य कला का भी महत्वपूर्ण प्रतीक है। बताया जाता है कि इस ऐतिहासिक घाट का निर्माण बेनी माधव दास उर्फ नाबालिक साव ने अपनी एक दिन की आमदनी से कराया था। उनका यह योगदान मीरजापुर के इतिहास में दानशीलता और सामाजिक समर्पण की एक अनूठी मिसाल के रूप में याद किया जाता है।

पक्के घाट के निर्माण में अपनी एक दिन की पूरी आमदनी समर्पित कर उन्होंने नगर को ऐसी ऐतिहासिक धरोहर दी, जो आज भी मीरजापुर की पहचान और गौरव का हिस्सा है।

पक्के घाट पर अधिकारियों का यह निरीक्षण एक तरफ छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा रहा, तो दूसरी तरफ इसने मीरजापुर की ऐतिहासिक धरोहर और सांस्कृतिक पहचान की ओर भी ध्यान आकर्षित किया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें