
एस.एन. पब्लिक स्कूल में तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन
विधायक सुचिस्मिता मौर्य और पूर्व डीजीपी विपिन सिंह ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, विजेताओं को किया सम्मानित
मीरजापुर। लोहंदी स्थित एस.एन. पब्लिक स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य समापन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व पुलिस महानिदेशक विपिन सिंह मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि विधायक सुचिस्मिता मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। शिक्षा जहां बच्चों को ज्ञान प्रदान करती है, वहीं खेल शारीरिक मजबूती के साथ मानसिक एकाग्रता और आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि पूर्व डीजीपी विपिन सिंह ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि अनुशासन, चरित्र निर्माण और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं।
विद्यालय के चेयरमैन डॉ. राजेश सिंह ने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, सौहार्द, सहयोग और टीम भावना विकसित करते हैं। ये गुण जीवन में सफलता प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त करते हैं। इससे पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार पाण्डेय ने अतिथियों का माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेल स्पर्धाओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। दौड़ प्रतियोगिता में पीयूष साह, शशांक उपाध्याय, अमन, शिवांश यादव और प्रियांशु गोंड सहित अनेक विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं चेयरमैन द्वारा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस दौरान विद्यालय की निदेशिका संध्या सिंह, प्रबंध निदेशक हर्षित सिंह, हिमाक्ष सिंह सहित शिक्षक अवधेश यादव, विनोद बिन्द, परवेज आलम, अफरोज खान, राकेश ओझा, योगेश मौर्य एवं अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। पूरा कार्यक्रम अनुशासन और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।















