
मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर ठेकेदारों की मनमानी! ई-रिक्शा चालकों से अतिरिक्त शुल्क मांगने का आरोप, यात्रियों में आक्रोश
पिक एंड ड्रॉप की निशुल्क सुविधा देने की मांग, रेलवे प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की अपील
मिर्जापुर। मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर वाहन स्टैंड के ठेकेदारों की कथित मनमानी को लेकर यात्रियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। आरोप है कि स्टेशन पर यात्रियों को लेकर पहुंचने वाले ई-रिक्शा चालकों को स्टेशन परिसर के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया जाता। इतना ही नहीं, यात्रियों को उतारने या उन्हें रिसीव करने के लिए पहुंचने वाले ई-रिक्शा चालकों से अतिरिक्त शुल्क की मांग किए जाने की भी शिकायत सामने आ रही है।
पीड़ित यात्रियों का कहना है कि देश के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को छोड़ने और उन्हें रिसीव करने के लिए पिक एंड ड्रॉप की निर्धारित समय सीमा के तहत निशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। लेकिन मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर व्यवस्था इसके विपरीत नजर आ रही है। यहां वाहन स्टैंड के ठेकेदारों की मनमानी के चलते यात्रियों को लेने और छोड़ने वाले वाहनों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यात्रियों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि आखिर मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर व्यवस्था रेलवे के नियमों से संचालित हो रही है या ठेकेदारों के अपने बनाए कानून से? यात्रियों का कहना है कि रेलवे स्टेशन आम जनता की सुविधा के लिए हैं, न कि यात्रियों को अनावश्यक रूप से परेशान करने के लिए।
लोगों की मांग है कि कम से कम प्रत्येक वाहन को यात्रियों को उतारने अथवा उन्हें रिसीव करने के लिए 10 मिनट का समय निशुल्क दिया जाना चाहिए, ताकि किसी भी यात्री को अनावश्यक शुल्क न देना पड़े। इस दौरान ई-रिक्शा सहित अन्य निजी वाहनों को भी निर्धारित नियमों के तहत पिक एंड ड्रॉप की सुविधा मिलनी चाहिए।
इस मामले में मिर्जापुर रेलवे स्टेशन प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर वाहन स्टैंड की व्यवस्था की जांच कराने तथा यात्रियों और ई-रिक्शा चालकों को हो रही परेशानी पर अंकुश लगाने की मांग की गई है। स्टेशन परिसर में पिक एंड ड्रॉप के लिए स्पष्ट नियम और समय सीमा प्रदर्शित करने की भी जरूरत बताई जा रही है।
अब देखना यह है कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की इस शिकायत पर कब संज्ञान लेता है और उन्हें ठेकेदारों की कथित मनमानी से राहत दिलाने के लिए क्या कार्रवाई करता है।















