प्रिंस हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिलीं पूर्व IAS दिव्या मित्तल

# प्रिंस हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिलीं पूर्व IAS दिव्या मित्तल, गैपुरा चौकी के CCTV फुटेज सार्वजनिक करने की मांग

**17 मुकदमों के आरोपी के खुलेआम घूमने पर उठाए सवाल, पुलिस चौकी में परिजनों को बैठाए रखने के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग**

**मीरजापुर।** विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में 12 वर्षीय बालक प्रिंस बिंद के अपहरण के बाद निर्मम हत्या के मामले ने पूरे जनपद को झकझोर दिया है। गुरुवार को पूर्व आईएएस अधिकारी एवं जननीति भारत की प्रमुख दिव्या मित्तल पीड़ित परिवार से मिलने सेमरी गांव पहुंचीं। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की।

परिजनों से बातचीत के दौरान दिव्या मित्तल ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने विशेष रूप से गैपुरा पुलिस चौकी के सीसीटीवी कैमरों की पूरी रिकॉर्डिंग सार्वजनिक करने की मांग की। उनका कहना था कि घटना के बाद परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की सच्चाई सामने आनी चाहिए। आरोप है कि बच्चे की तलाश और सूचना देने के लिए पहुंचे पीड़ित परिवार को ही पुलिस चौकी पर काफी देर तक बैठाए रखा गया, जबकि उस समय बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जरूरत थी।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि परिजन समय रहते पुलिस को सूचना दे रहे थे तो उनकी शिकायत पर तत्काल गंभीरता क्यों नहीं दिखाई गई? चौकी पर उस दौरान क्या हुआ, किस समय कौन पहुंचा और पुलिस ने क्या कार्रवाई की, यह सब सीसीटीवी फुटेज सामने आने से स्पष्ट हो सकता है। इसलिए चौकी की पूरी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखकर सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि किसी भी स्तर पर हुई लापरवाही उजागर हो सके।

दिव्या मित्तल ने आरोपी के आपराधिक इतिहास को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रिंस की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी पिंटू उर्फ शैलेंद्र के खिलाफ मीरजापुर सहित अन्य जनपदों में 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इनमें हत्या, अपहरण, हत्या के प्रयास, लूट और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामले भी शामिल हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा आरोपी खुलेआम कैसे घूम रहा था? क्या उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए उस पर प्रभावी निगरानी की जा रही थी? यदि पहले से उसके खिलाफ इतने गंभीर मामले दर्ज थे तो उसकी गतिविधियों पर पुलिस की नजर क्यों नहीं थी?

उन्होंने मांग की कि केवल निचले स्तर के पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई कर मामले की इतिश्री न की जाए, बल्कि पूरे घटनाक्रम की जिम्मेदारी तय हो। यह भी जांच होनी चाहिए कि अपहरण की सूचना मिलने के बाद किस स्तर पर कितनी देर हुई और समय रहते प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए गए।

गौरतलब है कि सेमरी गांव निवासी प्रिंस बिंद को बाइक चलाना सिखाने के बहाने आरोपी अपने साथ ले गया था। बाद में उसके अपहरण और 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया। पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर लालगंज क्षेत्र के कुशियरा जंगल से बालक का शव बरामद किया था। आरोपी के आपराधिक इतिहास और पुलिस की कथित लापरवाही को लेकर घटना के बाद से ही ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश है।

इस मामले में पुलिस अधीक्षक द्वारा गैपुरा चौकी प्रभारी और हल्का प्रभारी को निलंबित करने के साथ विंध्याचल थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर करने की कार्रवाई भी की जा चुकी है। हालांकि, परिजनों के आरोपों और पुलिस की भूमिका से जुड़े कई सवालों का जवाब मिलना अभी बाकी है।

दिव्या मित्तल की पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद एक बार फिर यह मामला केवल एक बालक की हत्या तक सीमित न रहकर पुलिस की जवाबदेही, अपराधियों पर निगरानी और आम नागरिकों की सुरक्षा जैसे बड़े सवालों के केंद्र में आ गया है। अब देखना होगा कि गैपुरा चौकी की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और पुलिस की भूमिका की जांच को लेकर प्रशासन क्या कदम उठाता है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें