मीरजापुर पुलिस का अभियान, दुष्कर्म के आरोपी समेत 10 गिरफ्तार, दो बाल अपचारी हिरासत में

मीरजापुर पुलिस का अभियान, दुष्कर्म के आरोपी समेत 10 गिरफ्तार, दो बाल अपचारी हिरासत में

गांजा तस्करी में एक अभियुक्ता गिरफ्तार, गैर इरादतन हत्या और हत्या के प्रयास के मामलों में भी कार्रवाई

मीरजापुर, 11 नवंबर। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मीरजापुर पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म, गांजा तस्करी, गैर इरादतन हत्या, हत्या के प्रयास और अन्य आपराधिक मामलों में आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक महिला समेत विभिन्न मामलों में कुल 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि हत्या के प्रयास के मामले में दो बाल अपचारियों को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा एक वारंटी को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, चुनार थाना क्षेत्र में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित विनय कुमार पुत्र स्व. राजबहादुर निवासी रुदौली को गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।

वहीं, कोतवाली शहर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बबलू बिंद पुत्र कन्हई बिंद निवासी सारीपुर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 465 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

अदलहाट थाना पुलिस ने दुकान जलाने, गाली-गलौज और धमकी देने के मामले में साजन कुमार पुत्र नब्बी भारती उर्फ सुदर्शन निवासी बरईपुर को गिरफ्तार किया। आरोप है कि उसने वादी की दुकान जलाने के साथ ही उसे धमकी दी थी।

उधर, राजगढ़ थाना क्षेत्र में लूट की नीयत से हमला करने और एक व्यक्ति को वाहन से धक्का देकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों नीरज सिंह और विशाल सिंह निवासी कठेरवा, थाना चुनार को गिरफ्तार किया। घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।

कोतवाली कटरा पुलिस ने पुरानी रंजिश में मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में दो बाल अपचारियों को हिरासत में लिया है। दोनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।

इसके अतिरिक्त चुनार पुलिस ने एक वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170, 126 और 135 के तहत 26 व्यक्तियों का चालान भी किया। इनमें शहर कोतवाली से सात, कटरा से दो, विंध्याचल से एक, देहात कोतवाली से नौ, पड़री से एक, जमालपुर से दो और लालगंज से चार व्यक्ति शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें