मिर्जापुर–झिंगुरा रेलखंड पर रेल यातायात सामान्य, तीसरी लाइन के निर्माण के दौरान धंसी थी मिट्टी

मिर्जापुर–झिंगुरा रेलखंड पर रेल यातायात सामान्य, तीसरी लाइन के निर्माण के दौरान धंसी थी मिट्टी

प्रयागराज, 11 नवंबर। मिर्जापुर–झिंगुरा रेलखंड के मध्य तीसरी रेल लाइन के निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से प्रभावित रेल परिचालन को रेलवे प्रशासन ने युद्धस्तर पर कार्य करते हुए देर रात तक बहाल कर दिया। बुधवार तड़के 3:36 बजे ट्रायल लोको इंजन का सफल परिचालन किया गया। इसके बाद सुबह 4 बजे से इस रेलखंड पर रेल यातायात सामान्य रूप से शुरू हो गया।

रेलखंड पर परिचालन सामान्य होने के बाद परिवर्तित मार्ग से चलाई जा रही तीन ट्रेनों को अब उनके निर्धारित मार्ग से संचालित करने का निर्णय लिया गया है। इनमें ट्रेन संख्या 04064 (10 नवंबर), 12141 (9 नवंबर) और 22177 (10 नवंबर) शामिल हैं। ये सभी ट्रेनें अब अपने पूर्व निर्धारित मार्ग से चलेंगी।

वहीं, ट्रेन संख्या 13309 (11 नवंबर) रेक उपलब्ध नहीं होने के कारण निरस्त रहेगी।

इससे पहले मिट्टी धंसने की घटना के मद्देनजर संरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए ट्रेन संख्या 15076 का मार्ग परिवर्तित किया गया था। यह ट्रेन प्रयाग जंक्शन–प्रयागराज रामबाग–फाफामऊ–जंघई–वाराणसी जंक्शन–चुनार के रास्ते संचालित की जाएगी।

रेलखंड की मरम्मत के बाद यातायात सामान्य होने से यात्रियों को राहत मिली है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें