नाबालिग को शादी का झांसा देकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में आरोपी गिरफ्तार

नाबालिग को शादी का झांसा देकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में आरोपी गिरफ्तार, 32 का शांति भंग में चालान

मीरजापुर। अदलहाट थाना क्षेत्र में नाबालिग को शादी का झांसा देकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न थानों की पुलिस ने 32 व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए चालान किया।

पुलिस के अनुसार, अदलहाट थाना क्षेत्र की एक महिला ने 3 जून 2026 को अपनी नाबालिग पुत्री को शादी का झांसा देकर भगाने और उसके साथ दुष्कर्म किए जाने के संबंध में नामजद तहरीर दी थी। इस आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 133/2026 के तहत बीएनएस की धारा 137(2), 87, 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में सोमवार को उपनिरीक्षक राजेश प्रसाद यादव ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर अजय कुमार पुत्र संतोष कुमार निवासी गोठौरा, थाना अदलहाट को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद अभियुक्त को न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया।

32 व्यक्तियों का चालान

दूसरी ओर, जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126/135 के तहत 32 व्यक्तियों का चालान किया गया। इसमें कोतवाली शहर से एक, विंध्याचल से दो, देहात से तीन, चुनार से आठ, जमालपुर से चार, लालगंज से पांच, हलिया से चार, संतनगर से दो और अहरौरा थाना क्षेत्र से तीन व्यक्ति शामिल हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें