
किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता पर हो निस्तारण, धान खरीद में पारदर्शिता बरतें अधिकारी : कुलजीत सिंह
कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा, गौशाला, खाद केंद्र और नवीन मंडी समिति का किया निरीक्षण
मीरजापुर, 7 नवंबर। कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य एवं उत्तर प्रदेश शासन में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री कुलजीत सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। धान क्रय केंद्रों पर पारदर्शी तरीके से खरीद सुनिश्चित करने के साथ ही गौशालाओं में पशुओं के स्वास्थ्य, खानपान और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए। किसानों को शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिलना चाहिए।
मां शक्तिपीठ अष्टभुजा अतिथि गृह के सभागार में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में राज्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की जानकारी ली। धान खरीद की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जनपद में कुल 132 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां एक नवंबर से धान खरीद शुरू हो चुकी है। राज्यमंत्री ने निर्देश दिया कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे।
गौशालाओं की समीक्षा में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. भूपेन्द्र कुमार पाठक ने बताया कि जनपद में 47 गौशालाएं संचालित हैं, जिनमें कुल 14,995 पशु संरक्षित हैं। इस पर राज्यमंत्री ने पशुओं को हरा चारा कुट्टी के रूप में खिलाने, नियमित साफ-सफाई और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दूसरे जनपदों में पशुओं को स्थानांतरित करने से पहले आवश्यक स्वीकृति लेने और पूरी सतर्कता बरतने को कहा।
सिंचाई विभाग की समीक्षा में अधिकारियों ने बताया कि जनपद में सिंचाई की कोई समस्या नहीं है। नहरों की सिल्ट सफाई का टेंडर हो चुका है और दीपावली के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा। नलकूप विभाग ने बताया कि अब तक 484 मध्यम और 263 गहरी बोरिंग कराई गई हैं। प्रत्येक बोरिंग पर 1.75 लाख रुपये की लागत आती है, जिसमें 85 हजार रुपये का अनुदान दिया जाता है।
कृषि विभाग की समीक्षा में बताया गया कि खेत तालाब योजना के तहत 70 तालाब बनवाए जा चुके हैं। वर्तमान वर्ष में 17 तालाबों का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके सापेक्ष 12 का निर्माण पूरा हो चुका है। मंडी समिति की समीक्षा के दौरान फल एवं सब्जी मंडी में कुल 194 दुकानों की जानकारी दी गई। इनमें अनुसूचित जाति के लिए 41, अनुसूचित जनजाति के लिए चार और पिछड़ा वर्ग के लिए 52 दुकानें आवंटित हैं। राज्यमंत्री ने निर्देश दिया कि एससी-एसटी वर्ग के लिए आरक्षित दुकानें खाली होने पर उन्हें अन्य वर्गों को आवंटित न किया जाए। दुकानें संचालित न करने वाले आवंटियों को नोटिस देने की भी बात कही।
दुग्ध विभाग ने बताया कि जनपद में 147 दुग्ध समितियां संचालित हैं। वहीं, उद्यान विभाग की समीक्षा में पांच कोल्ड स्टोरेज निर्मित होने की जानकारी दी गई। राज्यमंत्री ने सभी कोल्ड स्टोरेज पर बोर्ड लगवाने तथा उस पर निर्माण की कुल लागत और निर्माण वर्ष अंकित कराने के निर्देश दिए।
गौशाला और मंडी का किया निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद राज्यमंत्री कुलजीत सिंह ने बर्जी मुकुंदपुर गौशाला का निरीक्षण किया और गौवंशों को गुड़ खिलाया। इसके बाद उन्होंने सहकारी समिति समोगरा स्थित खाद विक्रय केंद्र पहुंचकर खाद वितरण की स्थिति की जानकारी ली। नवीन मंडी समिति के निरीक्षण के दौरान किसानों के बैठने की व्यवस्था और साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने किसान आश्रय स्थल पर बैठने की उचित व्यवस्था के साथ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में उप कृषि निदेशक विकेश कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार, श्वेतांक सिंह, आरडी, अंकित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















