मीरजापुर में सरकारी धन के गबन का मामला: दो और आरोपी गिरफ्तार

### मीरजापुर में नाबालिग को भगाने का आरोपी गिरफ्तार, सरकारी धन के गबन में दो और पकड़े गए

मीरजापुर, 27 नवंबर। जनपद पुलिस ने शुक्रवार को अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के आरोपी समेत तीन मामलों में कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, सरकारी धन के गबन और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इसके अलावा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 21 व्यक्तियों का चालान किया गया।

नाबालिग को भगाने का आरोपी गिरफ्तार

अदलहाट थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने 26 नवंबर को अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के संबंध में नामजद तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम समदपुर के पास से आरोपी विपिन पुत्र अजय विश्वकर्मा निवासी खजुरौल, थाना अदलहाट को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया।

सरकारी धन के गबन में दो और गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई कोतवाली शहर पुलिस ने सरकारी धनराशि के गबन के मामले में की। मीरजापुर नहर के अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार की तहरीर पर 18 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि कार्यालय के कुछ कर्मचारियों के साथ मिलकर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए और डिजिटल सिग्नेचर (डोंगल) का दुरुपयोग कर अस्तित्वहीन कर्मचारी के नाम पर परिचितों एवं रिश्तेदारों के खातों में सरकारी धनराशि का भुगतान कराया गया।

इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। शुक्रवार को थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नुआंव निवासी आफताब पुत्र अनीश और अब्बाश पुत्र कासिम को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना, आपराधिक विश्वासघात और आपराधिक षड्यंत्र समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया गया।

21 व्यक्तियों का चालान

जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126/135 के तहत 21 व्यक्तियों का चालान किया। इसमें कोतवाली शहर से एक, कटरा से दो, देहात से आठ, चील्ह से दो, पड़री से एक, हलिया से एक, चुनार से एक, अदलहाट से तीन और राजगढ़ थाना क्षेत्र से दो व्यक्ति शामिल हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें