मीरजापुर में संविधान दिवस पर बना रिकॉर्ड, 1.08 लाख विद्यार्थियों ने एक साथ पढ़ी प्रस्तावना

संविधान दिवस पर मीरजापुर में 1.08 लाख विद्यार्थियों ने किया प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

डॉ. सरला सर्राफ पब्लिक स्कूल में मुख्य आयोजन, 305 विद्यालयों में हुई क्विज प्रतियोगिता

मीरजापुर। संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को जनपद में ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित इस जनपदव्यापी अभियान में 1 लाख 8 हजार 633 छात्र-छात्राओं ने एक साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संविधान के प्रति अपनी निष्ठा और प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम का मुख्य आयोजन विजयपुरा स्थित डॉ. सरला सर्राफ पब्लिक स्कूल में हुआ, जहां लगभग 4,800 छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया। इसके अलावा जनपद के 305 विद्यालयों एवं अन्य कार्यक्रम स्थलों पर भी आयोजन हुआ, जिसमें 1 लाख 3 हजार 833 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनुपम कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर 305 विद्यालयों में संविधान विषयक क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।

मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय संजय कुमार शुक्ल, प्रथम अपर जनपद न्यायाधीश संतोष कुमार गौतम, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राज कुमार दीक्षित, बार एसोसिएशन अध्यक्ष अभय राज सिंह, विद्यालय के चेयरमैन दिनेश चंद्र सर्राफ एवं प्रधानाचार्या प्रीति सर्राफ सहित कई न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आनंद कुमार-II ने विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। उन्होंने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया।

इस दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 की धारा 12 के तहत पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम का संचालन आयुष कुमार सर्राफ ने किया। अंत में अपर जनपद न्यायाधीश आसिफ इकबाल रिजवी ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें