मीरजापुर में नाबालिग को भगाने व दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, सरकारी धन के गबन में दो पकड़े गए

मीरजापुर में नाबालिग को भगाने व दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, सरकारी धन के गबन में दो पकड़े गए

मीरजापुर। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मीरजापुर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में तीन बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने एवं दुष्कर्म के आरोपी समेत सरकारी धन के गबन के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा विभिन्न थानों की पुलिस ने दो वारंटियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार, कटरा कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने 6 नवंबर को अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में कटरा पुलिस ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर स्थित हनुमान मंदिर रेलवे कॉलोनी के पास से किशन शर्मा उर्फ प्रिंस निवासी संगमोहाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।

दूसरी कार्रवाई में शहर कोतवाली पुलिस ने नहर विभाग में कूटरचित दस्तावेज तैयार कर डिजिटल सिग्नेचर (डोंगल) का दुरुपयोग करते हुए सरकारी धन का गबन करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार की तहरीर पर 18 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए अस्तित्वहीन कर्मचारियों के नाम पर भुगतान दिखाकर परिचितों और रिश्तेदारों के खातों में सरकारी धनराशि भेजी गई। पुलिस ने इस मामले में राजन दुबे निवासी पाण्डेयपुर और राधाकान्त सिंह उर्फ बबलू सिंह निवासी बबुरा, हालपता वीआईपी कॉलोनी को गिरफ्तार किया है।

वहीं, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत हलिया और मड़िहान थाना पुलिस ने एक-एक वारंटी को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें