पैतृक संपत्ति के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, चार नामजद आरोपी हिरासत में

पैतृक संपत्ति के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, चार नामजद आरोपी हिरासत में

सरकारी ट्यूबवेल के पास घेरकर लाठी-डंडे और रॉड से किया हमला, इलाज से पहले ही हुई मौत

मीरजापुर। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के बीरशाहपुर गांव में पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक युवक की बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीरशाहपुर निवासी अतुल दुबे 21 नवंबर को प्रतिदिन की तरह अपने काम पर जा रहे थे। इसी दौरान पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद में उनके पट्टीदारों ने सरकारी ट्यूबवेल के पास उन्हें घेर लिया। आरोप है कि आयुष दुबे, प्रमोद दुबे, उमाशंकर दुबे और उषा देवी ने एकराय होकर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल अतुल की मौत हो गई।

घटना के संबंध में 22 नवंबर को मृतक के पिता कृपाशंकर दुबे ने कोतवाली देहात थाने में लिखित तहरीर दी। सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 539/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 352 और 351(3) में अभियोग पंजीकृत किया है। चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में शांति एवं कानून व्यवस्था सामान्य बताई गई है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें