मीरजापुर में चोरी और जानलेवा हमले के मामलों में पांच आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बाइक व नकदी बरामद

मीरजापुर में चोरी और जानलेवा हमले के मामलों में पांच आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बाइक व नकदी बरामद

चुनार, जिगना और कटरा पुलिस की कार्रवाई, जिगना पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के एक और सदस्य को दबोचा; शांति भंग में 18 का चालान

मीरजापुर। जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, चांदी के पांच सिक्के, पीली धातु की एक कील और 1410 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। वहीं, मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में भी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अतिरिक्त कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 18 व्यक्तियों का चालान किया गया।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर चुनार पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गोल्हनपुर निवासी सतीश सिंह पटेल की हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल (यूपी 63 जेड 1131) एपेक्स हॉस्पिटल चुनार से चोरी हो गई थी। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। शनिवार को उपनिरीक्षक विनोद कुमार मिश्र की टीम ने मुखबिर की सूचना पर साईंनाथ कॉलोनी के पास से बुद्धू विश्वकर्मा और राम आशीष निवासी नुआंव, थाना चुनार को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली।

दूसरी कार्रवाई में जिगना पुलिस ने घर में चोरी के मामले में बिहार के रोहतास जिले के अकोड़ी गोला निवासी मंटू खरवार उर्फ भंटू को गिरफ्तार किया। खैरा निवासी रामशंकर उपाध्याय के घर से आभूषण और नकदी चोरी होने के मामले में पुलिस पहले ही अंतरराज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर चुकी है। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर रेलवे कॉलोनी मनोरंजन गृह के पास से गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से सफेद धातु के पांच सिक्के, पीली धातु की एक कील और 1410 रुपये नकद बरामद हुए।

उधर, कोतवाली कटरा पुलिस ने जमीन पर कब्जे के विवाद में मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरौधा निवासी शिवाकांत तिवारी की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया गया था कि विपक्षियों ने लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड से हमला कर उनके भाइयों रमाकांत तिवारी और श्रीकांत तिवारी उर्फ बब्बू को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायलों को मंडलीय चिकित्सालय से बेहतर उपचार के लिए ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था। इस मामले में पुलिस पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। शनिवार को उपनिरीक्षक राजकुमार पांडेय की टीम ने सदर अस्पताल गेट के पास से रमेश चंद्र तिवारी और रामतवंकल को गिरफ्तार किया।

इसके अलावा जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126/135 के तहत 18 व्यक्तियों का चालान किया गया। इनमें विंध्याचल से एक, पड़री से दो, जिगना से एक, चुनार से पांच, अहरौरा से सात और राजगढ़ से दो व्यक्ति शामिल हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें