ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत मिर्जापुर में 7 आरोपियों को ₹7,900 जुर्माने की सजा

ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत मिर्जापुर में 7 आरोपियों को ₹7,900 जुर्माने की सजा

हलिया, शहर कोतवाली और कटरा थाने के चार पुराने मामलों में पुलिस की प्रभावी पैरवी से मिली सफलता

मिर्जापुर। जनपद में अपराधियों को सजा दिलाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के तहत मिर्जापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना हलिया, कोतवाली शहर और कोतवाली कटरा में दर्ज चार अलग-अलग मामलों में प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप न्यायालय ने कुल सात आरोपियों को ₹7,900 के अर्थदंड से दंडित किया है।

पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान का संचालन अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा और पुलिस उपमहानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र पूनम के निर्देशन में किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के नेतृत्व में मामलों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना और न्यायालय में प्रभावी पैरवी कराई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, थाना हलिया में दर्ज वर्ष 2016 के एनसीआर मामले में तीन आरोपियों खुशबूद्दीन उर्फ मौलवी, गयासुद्दीन और अदहम अली को न्यायालय ग्राम न्यायालय लालगंज ने जुर्म स्वीकार करने पर 1,500-1,500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। वहीं वर्ष 2008 के एक अन्य मामले में अमरनाथ को 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

इसी क्रम में कोतवाली शहर में दर्ज वर्ष 2022 के मुकदमे में दिलीप केशरी और सुमित केशरवानी उर्फ सागर को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय ने 200-200 रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई। जबकि कोतवाली कटरा में वर्ष 2009 में दर्ज एनसीआर मामले में अशोक निषाद को 2,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया।

पुलिस के मुताबिक, सभी मामलों में अभियोजन अधिकारियों, विवेचकों, कोर्ट मुहर्रिर और पैरोकारों ने गवाहों को न्यायालय में प्रस्तुत कर प्रभावी पैरवी की, जिसके परिणामस्वरूप आरोपियों को दंडित कराया जा सका।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने अभियान के तहत लंबित मामलों में प्रभावी पैरवी जारी रखने पर जोर दिया है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें