
कार्तिक पूर्णिमा व देव दीपावली पर विंध्यधाम में सुरक्षा व्यवस्था का एसपी ने लिया जायजा
श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
मीरजापुर। कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली के पावन अवसर पर मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन-पूजन के लिए उमड़े श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने विंध्यधाम क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने प्रमुख मार्गों, दर्शन स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस प्रबंधों का निरीक्षण किया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के साथ ही भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखा जाए। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करें और किसी भी स्थिति में अव्यवस्था न होने दें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि दर्शन-पूजन के लिए आने वाले किसी भी श्रद्धालु को असुविधा नहीं होनी चाहिए।















