माँ विंध्यवासिनी बायोडायवर्सिटी पार्क का प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने किया निरीक्षण, पौधरोपण कार्यों की समीक्षा

माँ विंध्यवासिनी बायोडायवर्सिटी पार्क का प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने किया निरीक्षण, पौधरोपण कार्यों की समीक्षा

सरसो रेस्ट हाउस के जीर्णोद्धार कार्यों का किया अनावरण, वन संपत्तियों के बेहतर रखरखाव पर दिया जोर

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष सुनील चौधरी आईएफएस ने रविवार को मीरजापुर वन प्रभाग के विंढमफाल रेंज स्थित माँ विंध्यवासिनी बायोडायवर्सिटी पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और सभी कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक, योजना एवं कृषि वानिकी दीपक कुमार तथा अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक, आईटी एन. रवीन्द्रा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पार्क में कराए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी ली और उनकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

इसके बाद प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने मड़िहान रेंज स्थित सरसो रेस्ट हाउस के जीर्णोद्धार कार्यों का अनावरण किया। उन्होंने जीर्णोद्धार कार्यों की सराहना करते हुए वन विभाग की परिसंपत्तियों के समुचित रखरखाव और बेहतर उपयोग पर जोर दिया।

इस दौरान मीरजापुर वन प्रभाग के विभिन्न क्षेत्रों में कराए गए वृक्षारोपण कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। पौधों की जीवितता, सुरक्षा, सिंचाई और रखरखाव की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को वृक्षारोपण स्थलों का नियमित निरीक्षण करने तथा पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर मुख्य वन संरक्षक मीरजापुर सुशांत शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार, उप प्रभागीय वनाधिकारी चुनार एवं मीरजापुर सहित वन विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें