मीरजापुर में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, तीन वारंटी भी पकड़े गए

### मीरजापुर में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, तीन वारंटी भी पकड़े गए

शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने 54 व्यक्तियों के खिलाफ की निरोधात्मक कार्रवाई

मीरजापुर, 14 नवंबर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मीरजापुर पुलिस ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन वारंटियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, थाना लालगंज क्षेत्र में 13 नवंबर को एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 407/2026 के तहत बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसी क्रम में उपनिरीक्षक सर्फराज खान की टीम ने मुखबिर की सूचना पर 14 नवंबर को पतुलखी ओवरब्रिज के पास से नामजद आरोपी बलवाना कोल निवासी गड़बड़ बगहिवां, थाना लालगंज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया।

तीन वारंटी गिरफ्तार

वहीं, न्यायालय से जारी वारंट के क्रम में जनपदीय पुलिस ने तीन वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें थाना कोतवाली शहर क्षेत्र से दो और थाना पड़री क्षेत्र से एक वारंटी शामिल है। तीनों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

54 व्यक्तियों पर निरोधात्मक कार्रवाई

जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170, 126 एवं 135 के तहत कुल 54 व्यक्तियों का चालान किया। इनमें थाना चुनार से सर्वाधिक 13, कोतवाली देहात से आठ, अदलहाट से पांच, चील्ह, हलिया और अहरौरा से चार-चार तथा अन्य थाना क्षेत्रों के व्यक्ति शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान जारी है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें