लालगंज में हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी, जमालपुर में चोरी का खुलासा; पुलिस की कार्रवाई

### लकड़ी की पटिया से सिर पर वार कर घायल करने वाले आरोपी की मौत के बाद हत्या के मुकदमे में गिरफ्तारी, दो अन्य गिरफ्तारियों का भी खुलासा

मिर्जापुर। जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में लालगंज पुलिस ने मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की बीएचयू में उपचार के दौरान मौत होने के बाद हत्या के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं जमालपुर पुलिस ने घर में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका में 24 लोगों का चालान किया गया।

बीएचयू में उपचार के दौरान हुई थी घायल की मौत

लालगंज थाना क्षेत्र के वामी नौडहिवा गांव निवासी बुद्धिराम ने 13 नवंबर को अपने भाई संजय पर लकड़ी की पटिया से सिर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में नामजद आरोपी के खिलाफ तहरीर दी थी। घायल संजय का बीएचयू में उपचार चल रहा था, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में पहले धारा 110 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था। बाद में मृत्यु के बाद धारा 105 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर लालगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पतुलखी ओवरब्रिज के पास से आरोपी रोहित निवासी लहंगपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 12 नवंबर को फतहवा गांव में दो अन्य व्यक्तियों से उसका विवाद हुआ था। इस दौरान मृतक संजय ने उसे डांटा था, जिससे क्षुब्ध होकर उसने संजय के सिर पर हमला किया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया।

घर का ताला तोड़कर नकदी और सीसीटीवी कैमरा चोरी करने वाला गिरफ्तार

जमालपुर पुलिस ने बहुआर गांव निवासी चंदन तिवारी के घर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए किशन यादव निवासी गौरही थाना अदलहाट को गिरफ्तार किया है। 10 अक्टूबर को घर का ताला तोड़कर नकदी और सीसीटीवी कैमरा चोरी किए जाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने हमीदपुर चैनपुरवा बॉर्डर पर दुर्गाजी मंदिर के सामने नहर पुलिया के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ चोरी की घटना को अंजाम देने और नकदी आपस में बराबर बांटने की बात स्वीकार की। उसके पास से चोरी से संबंधित 650 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेज दिया।

24 लोगों का चालान

जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126/135 के तहत 24 व्यक्तियों का चालान किया। इसमें कटरा थाना क्षेत्र से 4, लालगंज से 2, जिगना से 1, चुनार से 10, जमालपुर से 2 और राजगढ़ थाना क्षेत्र से 5 व्यक्ति शामिल हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें