ट्रक में लदी 2212 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद

ट्रक में लदी 2212 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद

मीरजापुर, 16 मार्च। अहरौरा थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 2212 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को सीज करते हुए मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में अपराध और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में अहरौरा थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम को यह सफलता मिली।

पुलिस के अनुसार 16 मार्च को मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम ने अहरौरा थाना क्षेत्र के दुर्गाजी पहाड़ी के पास खड़े टाटा ट्रक (MH 48 AG 6384) की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से 1300 बोतल जुबली स्पेशल व्हिस्की और 912 बोतल रॉयल ग्रीन प्रीमियम ब्लेंडेड व्हिस्की बरामद हुई। सभी बोतलें 180 एमएल की थीं। कुल मिलाकर ट्रक से 2212 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

इस संबंध में थाना अहरौरा में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 तथा भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक आशीष कुमार सिंह के साथ अहरौरा थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम शामिल रही।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें