न्यायालय परिसर की सुरक्षा परखी गई, वृहद मॉक ड्रिल का सफल आयोजन

न्यायालय परिसर की सुरक्षा परखी गई, वृहद मॉक ड्रिल का सफल आयोजन

मीरजापुर। जनपद के न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं अभेद्य बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को वृहद सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। माननीय न्यायाधीश एवं न्यायालय सुरक्षा समिति के अध्यक्ष की उपस्थिति और मार्गदर्शन में आयोजित इस अभ्यास के माध्यम से विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता, समन्वय और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता का परीक्षण किया गया।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर एवं क्षेत्राधिकारी अभिसूचना के नेतृत्व में आयोजित मॉक ड्रिल की प्रत्यक्ष निगरानी सुरक्षा प्रभारी द्वारा की गई। इस दौरान स्थानीय पुलिस बल के साथ विभिन्न विशेषज्ञ सुरक्षा इकाइयों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

मॉक ड्रिल के दौरान बम निरोधक दस्ता एवं श्वान दस्ता द्वारा न्यायालय परिसर, वीआईपी कक्ष, न्यायालय कक्षों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की गई। अभ्यास के तहत संदिग्ध वस्तुओं की पहचान और उन्हें सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया गया।

वहीं अग्निशमन विभाग की टीम ने संभावित अग्निकांड की स्थिति से निपटने, अग्निशमन उपकरणों की कार्यक्षमता की जांच तथा आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का सफल प्रदर्शन किया।

अभ्यास के दौरान आपातकालीन अलार्म बजने पर सुरक्षा बलों की त्वरित प्रतिक्रिया और विभिन्न मोर्चों पर उनकी तैनाती के समय का भी आकलन किया गया, जिसे अधिकारियों ने संतोषजनक और सराहनीय बताया।

मॉक ड्रिल के दौरान न्यायालय सुरक्षा समिति के अध्यक्ष, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी अभिसूचना सहित न्यायालय एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें