
वामा सारथी के तहत पुलिस लाइन में बच्चों के लिए समर कैंप व बुक फेयर आयोजित
मिर्जापुर। पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन “वामा सारथी” के तत्वावधान में शुक्रवार को पुलिस लाइन मीरजापुर स्थित परेड ग्राउंड में पुलिस परिवार के बच्चों के लिए समर कैंप एवं बुक फेयर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि इंद्रा सिंह रहीं। समर कैंप में बच्चों की कला एवं रचनात्मकता को विकसित करने के उद्देश्य से साइंस एक्सपेरिमेंट, आर्ट एंड क्राफ्ट, क्ले मॉडलिंग, चाक पर मिट्टी के बर्तन बनाना एवं पेंटिंग जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसके साथ ही बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए जूडो, कराटे एवं सेल्फ डिफेंस के गुर भी सिखाए गए।
कैंप में पुलिस परिवार के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी लाइन/यातायात द्वारा बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें चिप्स, कुकीज, मैंगो फ्रूटी और टॉफियां वितरित की गईं। उत्कृष्ट कला कौशल का प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
अधिकारियों ने भविष्य में ऐसे आयोजनों में अधिक से अधिक पुलिस परिवारों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।















