सड़क दुर्घटना करने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस होंगे निरस्त : मंडलायुक्त

सड़क दुर्घटना करने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस होंगे निरस्त : मंडलायुक्त

मीरजापुर। मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल राजेश प्रकाश की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयुक्त कार्यालय सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, यातायात नियमों के पालन तथा प्रवर्तन कार्यवाही को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में पुलिस महानिरीक्षक आर.पी. सिंह, जिलाधिकारी मीरजापुर पवन कुमार गंगवार, जिलाधिकारी भदोही शैलेष कुमार, जिलाधिकारी सोनभद्र बी.एन. सिंह, पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर सड़क दुर्घटना करने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए जाने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने कहा कि हेलमेट, सीट बेल्ट, मोबाइल फोन के प्रयोग, ड्रंक एंड ड्राइव, रांग साइड ड्राइविंग, ओवरलोडिंग एवं मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने के विरुद्ध 19 मई से 31 मई तक विशेष अभियान चलाकर सघन प्रवर्तन कार्यवाही की जाए।

बैठक में बिना फिटनेस एवं बिना परमिट संचालित हो रहे स्कूली वाहनों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्रधानाचार्यों व प्रबंधकों को नोटिस भेजने के बाद भी फिटनेस व परमिट प्राप्त नहीं करने पर एफआईआर दर्ज कराने को कहा गया।

मंडलायुक्त ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए चिन्हित अस्पतालों में एक सप्ताह तक इलाज हेतु सरकार की ओर से 1.50 लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही प्रत्येक जिले में दो-दो गुड सेमेरिटन (राहवीर) चिन्हित कर सम्मानित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हार्न और हूटर लगाने वाले वाहनों एवं ऐसे गैराजों के खिलाफ भी कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही में होल्डिंग एरिया तथा डंपिंग यार्ड की व्यवस्था को लेकर भी समीक्षा की गई।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें