
बकरीद को लेकर मीरजापुर पुलिस का फ्लैग मार्च, ड्रोन से रखी गई निगरानी
मिर्जापुर। आगामी ईद-उल-अज़हा (बकरीद) पर्व को सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मीरजापुर पुलिस ने जनपद के विभिन्न मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों व जवानों ने लोगों से भाईचारे और शांति बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की।
सहायक पुलिस अधीक्षक कनिष्क आर. जामकर ने प्रभारी निरीक्षक कछवां अमरजीत चौहान के साथ कस्बा कछवां, थाना तिराहा और दर्जियान समेत कई क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। वहीं क्षेत्राधिकारी लालगंज अमरबहादुर ने प्रभारी निरीक्षक लालगंज अभय सिंह व थानाध्यक्ष जिगना संजय सिंह के साथ विजयपुर तिराहा, बाबू उपरौध, कस्बा लालगंज, दुबार, हरगढ़ बाजार, बिहसड़ा और नरोइया क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ मार्च किया। इस दौरान ड्रोन कैमरों से भी निगरानी कराई गई।
इसके अलावा क्षेत्राधिकारी लाइन/यातायात गायत्री यादव ने प्रभारी निरीक्षक मड़िहान बालमुकुन्द मिश्रा के साथ मड़िहान, जमुई और राजगढ़ मार्केट सहित विभिन्न संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया। जनपद के अन्य थाना क्षेत्रों में भी प्रभारी निरीक्षकों व थानाध्यक्षों द्वारा पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर लोगों से शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की गई।















