
अपहरण की कहानी निकली साजिश, महिला समेत छह गिरफ्तार
मीरजापुर। थाना अदलहाट में दर्ज बहुचर्चित अपहरण प्रकरण की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में यह मामला पूरी तरह से मनगढ़ंत पाया गया। इस मामले में खुद शिकायतकर्ता सरिता सिंह पटेल को मुख्य साजिशकर्ता मानते हुए कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 6 मई 2026 को सरिता सिंह पटेल, निवासी दीक्षितपुर थाना चुनार, ने अज्ञात लोगों पर अपने अपहरण और चार दिन तक बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाते हुए थाना अदलहाट में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए थे।
भौतिक, इलेक्ट्रॉनिक और सर्विलांस साक्ष्यों की जांच के बाद पुलिस ने पाया कि अपहरण की घटना पूरी तरह झूठी थी। जांच में सामने आया कि सरिता सिंह पटेल, जो एक यूट्यूबर बताई गई हैं, ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पुलिस अधिकारियों को फंसाने और दबाव बनाकर धन उगाही करने के उद्देश्य से यह साजिश रची थी।
पुलिस के अनुसार, योजना के तहत सह अभियुक्त अमरदीप ने सरिता पटेल को मोटरसाइकिल से उस स्थान तक पहुंचाया जहां से उनकी बरामदगी दिखाई गई थी। वहीं सरिता ने अपने हाथ-पैर बंधवाए और घटना को अधिक गंभीर दर्शाने के लिए पेट्रोल भी शरीर पर छिड़कवाया, ताकि पुलिस के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा सके।
पुलिस ने सरिता सिंह पटेल, अमरदीप, विजय कुमार सिंह, सुभाष, अंकिता और सुनीता को गिरफ्तार कर लिया है। सह अभियुक्त की निशानदेही पर घटना के दौरान पहचान छिपाने के लिए पहनी गई साड़ी भी बरामद की गई है।
इस मामले में थाना अदलहाट पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।















