
अन्तर्जनपदीय वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश, 4 शातिर गिरफ्तार; भारी मात्रा में बाइक पार्ट्स बरामद
मीरजापुर। थाना कोतवाली शहर व एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने अन्तर्जनपदीय शातिर वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल, 11 इंजन, तीन कटी हुई चेचिस समेत बड़ी मात्रा में बाइक के पार्ट्स बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जिले में अपराध एवं वाहन चोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में कोतवाली शहर पुलिस व एसओजी टीम को यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर कचहरी तिराहे के पास से पवन कुमार विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर उसके तीन अन्य साथियों—महेश कुमार बिन्द, रमेश केशरी व पिन्टु कुमार बिन्द—को भी गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। पहचान छिपाने के लिए वे वाहनों की नम्बर प्लेट हटाकर उन्हें छिपा देते थे और बाद में मोटरसाइकिलों को काटकर उनके पार्ट्स अलग-अलग बेच देते थे। इससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता था और उन्हें बेचने में आसानी होती थी। चोरी से प्राप्त धन को आपस में बांटकर वे अपना व परिवार का भरण-पोषण करते थे।
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से कुल दो मोटरसाइकिल, 11 इंजन, तीन कटी हुई चेचिस, छह साइलेंसर, चार टंकी, 22 रिंग व अन्य पार्ट्स बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना कोतवाली शहर पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों पर पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जो इनके सक्रिय आपराधिक इतिहास को दर्शाते हैं।
इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त टीम को 15 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।















