
नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी सहित टॉप-10 अपराधी गिरफ्तार, 20 पर शांति भंग में कार्रवाई
मिर्जापुर, 3 मई 2026। जनपद पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, वहीं लालगंज पुलिस ने टॉप-10 सूची में शामिल एक वारण्टी अपराधी को भी दबोच लिया। इसके अलावा विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 20 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में 17 अप्रैल 2026 को एक महिला की तहरीर पर नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगाने का मामला दर्ज किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर चल रही विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी अफसर पुत्र मुमताज निवासी जसोवर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
इसी क्रम में थाना लालगंज पुलिस ने अभियान चलाकर टॉप-10 अपराधियों में शामिल वारण्टी सलीम पुत्र कलीम निवासी बसई खुर्द को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
वहीं जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बीएनएसएस की धाराओं के तहत 20 व्यक्तियों का चालान किया। इनमें अदलहाट से 6, लालगंज से 4, जिगना से 5, संतनगर से 2, अहरौरा से 2 और मड़िहान थाना क्षेत्र से 1 व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध और अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।















