मिर्जापुर में पुलिस चौकी पर दबंगों का हमला, दरोगा-सिपाही की पिटाई

ई-रिक्शा विवाद ने लिया हिंसक रूप, चौकी में घुसकर किया बवाल

हालिया घटनाओं से बढ़ी बेखौफी, पुलिस पर बैकफुट में होने के आरोप

मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित अस्पताल पुलिस चौकी में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दबंगों ने चौकी में घुसकर दरोगा और सिपाही की पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि ई-रिक्शा से टक्कर को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो चालक से धक्का लगने के बाद विवाद हुआ, जिसके बाद कुछ लोगों ने चालक का पक्ष लेते हुए एक अधिवक्ता की पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस के एक सिपाही ने भी अधिवक्ता को थप्पड़ मार दिए, जिससे मामला और भड़क गया।

इसके बाद आक्रोशित मनबढ़ लोग अस्पताल चौकी तक पहुंच गए और वहां जमकर बवाल किया। उपद्रवियों ने चौकी इंचार्ज और सिपाही के साथ मारपीट की। इस दौरान सिपाही के सिर में चोट आई, जबकि दरोगा की वर्दी फाड़ दी गई और बैज भी नोच लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक अधिकांश उपद्रवी फरार हो चुके थे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 5 लोगों को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में कानून व्यवस्था को लेकर सख्ती की कमी महसूस की जा रही है। कुछ दिन पहले सपा एवं अधिवक्ताओं के जुलूस के दौरान एसडीएम कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई थी, जिस पर अब तक ठोस कार्रवाई न होने की चर्चा है। लोगों का मानना है कि ऐसी घटनाओं के कारण असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ा है और पुलिस कहीं न कहीं बैकफुट पर नजर आ रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और चौकी में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें