मीरजापुर: पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर गो-तस्कर घायल गिरफ्तार, 45 गोवंश बरामद

अहरौरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फायरिंग के बाद दबोचे गए अन्तरजनपदीय तस्कर

मुठभेड़ में दो तस्करों के पैर में लगी गोली, देशी कट्टा व कारतूस बरामद

मीरजापुर। जनपद में अपराध एवं गो-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अहरौरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो अन्तरजनपदीय शातिर गो-तस्करों को घायल अवस्था में गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 45 गोवंश, दो देशी कट्टा तथा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में अहरौरा थाना पुलिस टीम को यह सफलता मिली। मुखबिर की सूचना पर पुलिस को जानकारी मिली कि अहरौरा के जंगल मार्ग से चंदौली होते हुए बिहार की ओर गोवंश ले जाया जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बैजू बाबा तपस्थली मार्ग के दक्षिण जंगल क्षेत्र भल्दरिया (ग्राम हिनौता छातों) में घेराबंदी कर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान अभियुक्तों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें दोनों तस्करों के पैर में गोली लग गई और वे घायल होकर पकड़ लिए गए।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रामबच्चन यादव निवासी थाना अलीनगर जनपद चंदौली एवं रामप्रकाश यादव निवासी थाना चकिया जनपद चंदौली के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

पुलिस ने मौके से 02 अदद देशी कट्टा, 02 जिन्दा व 02 खोखा कारतूस के साथ वध हेतु पैदल ले जाए जा रहे 45 गोवंश बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना अहरौरा पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है और उन पर विभिन्न थानों में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, आर्म्स एक्ट एवं अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।

इस कार्रवाई को लेकर पुलिस टीम की सराहना की जा रही है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें