
चुनार, मिर्जापुर। एपेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एवं हॉस्पिटल, समसपुर, चुनार के कायचिकित्सा विभाग द्वारा बीएएमएस अंतिम वर्ष (बैच 2021) के छात्रों के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), चुनार स्थित DOTS सेंटर का शैक्षणिक फील्ड विजिट सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के अंतर्गत क्षयरोग (TB) नियंत्रण की प्रक्रिया एवं उसके चार प्रमुख स्तंभों पहचान, उपचार, रोकथाम, सुदृढ़ीकरण के व्यावहारिक ज्ञान से अवगत कराना था।
विजिट के दौरान छात्रों ने टीबी रोगियों की पहचान, निदान, उपचार पद्धति तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी प्राप्त की, जिससे उनके व्यावहारिक ज्ञान एवं समझ में वृद्धि हुई।
इस कार्यक्रम का सफल समन्वयन डॉ. गौरी चौहान, एसोसिएट प्रोफेसर, कायचिकित्सा विभाग द्वारा किया गया। उनके मार्गदर्शन में छात्रों ने अनुशासित एवं सक्रिय सहभागिता के साथ इस फील्ड विजिट को सफल बनाया।
संस्थान के चेयरमैन ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण छात्रों के व्यावहारिक ज्ञान को सुदृढ़ करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहेगा, जिससे छात्र आधुनिक चिकित्सा प्रणाली एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की गहराई से समझ विकसित कर सकें।
संस्थान के प्रबंधन एवं संकाय सदस्यों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे छात्रों के समग्र शैक्षणिक विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।















