मिर्जापुर में11 चोरी के मोबाइल के साथ 7 आरोपी पकड़े गए

विंध्याचल पुलिस ने मोबाइल चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, 11 चोरी के मोबाइल के साथ 5 आरोपी व 2 बाल अपचारी पकड़े गए

करीब ₹3 लाख के चोरी के मोबाइल बरामद, बेचने की तैयारी में थे आरोपी; पुलिस ने पटेंगहरा आरओबी के पास दबोचा

मीरजापुर। विंध्याचल पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन खरीद-बिक्री करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार तथा दो बाल अपचारियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब ₹3 लाख कीमत के 11 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपराध एवं चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में विंध्याचल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पटेंगहरा नाला रेलवे ओवरब्रिज के पास कार्रवाई की।

गिरफ्तार आरोपियों में समीर सरोज, पंकज, रोशन सरोज, मोहित सरोज और विकास विश्वकर्मा शामिल हैं। इसके अलावा दो बाल अपचारियों को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस ने सभी के कब्जे से 11 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर लंबे समय से विभिन्न स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी किए गए मोबाइल फोन अलग-अलग लोगों को बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बराबर-बराबर बांट लेते थे। आरोपियों के अनुसार, समीर सरोज और पंकज ग्राहकों से संपर्क कर मोबाइल बेचने की व्यवस्था करते थे। रविवार को भी वे चोरी के मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक बुलाकर एकत्र हुए थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

इस संबंध में थाना विंध्याचल में मुकदमा संख्या 208/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2), 317(4) और 317(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया, जबकि दोनों बाल अपचारियों को नियमानुसार बाल सुधार गृह भेजा गया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें