ट्रक हादसे के बाद कुदारन चौराहे पर पुलिस से मारपीट मामले में नौ गिरफ्तार

अहरौरा में पुलिस टीम पर हमला मामले में 9 आरोपी गिरफ्तार, हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में भेजे गए जेल

ट्रक हादसे के बाद कुदारन चौराहे पर पुलिस से मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा और जाम लगाने का आरोप

मीरजापुर। अहरौरा थाना क्षेत्र के कुदारन चौराहे पर ट्रक दुर्घटना के बाद पुलिस टीम के साथ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा, धमकी, हत्या के प्रयास तथा सड़क जाम करने के मामले में अहरौरा पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को वाराणसी से सोनभद्र जा रहा एक ट्रक टायर फटने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ कुछ लोगों ने कथित रूप से मारपीट की, सरकारी कार्य में बाधा डाली, धमकी दी और हत्या का प्रयास किया। इस संबंध में थाना अहरौरा में मुकदमा संख्या 147/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं आपराधिक कानून अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया। इसी क्रम में रविवार को मुखबिर की सूचना पर अहरौरा पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रभात कुमार मौर्या, रोशन कुमार गुप्ता, लल्लन, राजेश सोनकर, सुनील उर्फ सुशील सोनकर, मनोज कुमार, काजू सोनकर, भानू सोनकर तथा अविनाश बिन्द उर्फ अविनाश राही शामिल हैं। इनमें आठ आरोपी कुदारन गांव तथा एक आरोपी मूजडीह गांव का निवासी है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें