
105 गुम मोबाइल बरामद, 55 लोगों को सौंपे गए; जीआरपी की कार्रवाई से चेहरों पर लौटी मुस्कान
मिर्जापुर। रेलवे स्टेशन एवं उसके आसपास गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाने के अभियान में जीआरपी मिर्जापुर को बड़ी सफलता मिली है। जीआरपी ने विभिन्न तिथियों में दर्ज मोबाइल गुमशुदगी के मामलों में कुल 105 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है।
रविवार को थाना जीआरपी मिर्जापुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरामद मोबाइल फोन उनके स्वामियों को वितरित किए गए। पहले चरण में 55 लोगों को उनके मोबाइल सौंपे गए, जबकि शेष मोबाइल भी संबंधित व्यक्तियों को बुलाकर दिए जा रहे हैं।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज, पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज तथा पुलिस उपाधीक्षक रेलवे के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में जीआरपी की टीम द्वारा की गई। रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया में चोरी एवं गुमशुदगी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने जीआरपी टीम के कार्य की सराहना करते हुए खुशी जताई।















