
मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर मां विंध्यवासिनी मेडिकल कॉलेज के छात्रों का धरना, प्रशासन ने शुरू की वार्ता
मिर्जापुर। विसुंदरपुर स्थित मां विंध्यवासिनी मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत मेडिकल छात्रों ने छात्रावास में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर कॉलेज परिसर के मुख्य गेट पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों का आरोप है कि छात्रावास में पर्याप्त बिजली और पानी की व्यवस्था नहीं है, जिससे उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
छात्रों का कहना है कि एक-एक कमरे में निर्धारित क्षमता से अधिक छात्रों को रहने के लिए मजबूर किया जा रहा है। इससे न केवल पढ़ाई प्रभावित हो रही है, बल्कि रहने की व्यवस्था भी अत्यंत असुविधाजनक हो गई है।
छात्रों ने छात्रावास की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार किए जाने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
धरना-प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज के अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने का प्रयास शुरू किया। अधिकारियों ने उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान का आश्वासन दिया। समाचार लिखे जाने तक छात्रों का प्रदर्शन जारी था और प्रशासनिक स्तर पर वार्ता का दौर चल रहा था।















