मिर्जापुर के 9 गांव बने मुकदमा विहीन, ग्राम प्रधानों को किया गया सम्मानित

9 गांव बने मुकदमा विहीन, ग्राम प्रधानों को किया गया सम्मानित

मीरजापुर। हलिया ब्लॉक परिसर में आयोजित विधिक साक्षरता एवं सशक्तीकरण शिविर में जनपद के नौ मुकदमा विहीन गांवों के ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश अनुपम कुमार, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की सदस्य सचिव डॉ. मनु कालिया तथा जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने ग्राम प्रधानों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि आपसी संवाद, समझौते और सामाजिक समरसता से विवादों का स्थानीय स्तर पर समाधान होने से न्यायालयों पर मुकदमों का बोझ भी कम होता है और गांवों में सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रहता है।

शिविर के दौरान आयोजित विशेष लोक अदालत में 42 वादों का निस्तारण भी किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों की विधिक एवं प्रशासनिक समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्वरोजगार एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी, जबकि पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने महिला सुरक्षा एवं मिशन शक्ति हेल्प डेस्क की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया। मुख्यमंत्री आवास, घरौनी, खतौनी, कृषि मिनी किट, दिव्यांग स्वीकृति पत्र सहित अन्य लाभ वितरित किए गए तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ, स्वयं सहायता समूहों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। शिविर में करीब 350 लोगों ने भाग लिया। जिला प्रशासन द्वारा जारी सूची में किसी गांव का नाम नहीं दिया गया है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें